मोहला : ग्रामीणों को सार्वजनिक कार्यक्रम में भोजन के लिए भेंट किये बर्तनों का सेट…

मोहला। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव सोमावार (भा.पु.से.) के प्रथम आगमन पर जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास निर्माण का संदेश दिया गया।

Advertisements


दिनांक 03 फरवरी 2026 को थाना मदनवाड़ा क्षेत्र अंतर्गत घोर नक्सल प्रभावित ग्राम मुचर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक स्वयं उपस्थित रहे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (भा.पु.से.), आईटीबीपी कमांडेंट श्री बुद्धि प्रकाश बडाया तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज भी मौजूद रहे।
सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ग्रामीणों को सार्वजनिक कार्यक्रमों में भोजन परोसने के लिए बर्तनों का सेट भेंट किया गया। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्र के स्कूली बच्चों को खेल सामग्री वितरित कर उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है, इसलिए शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी है।


पुलिस महानिरीक्षक श्री बालाजी राव सोमावार ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण आईटीबीपी कैंप, नजदीकी थाना, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय अथवा राजनांदगांव स्थित आईजी कार्यालय में किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी समस्या के समाधान के लिए नजदीकी सुरक्षा कैंप से बिना भय संपर्क करें। पुलिस आपकी मित्र है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है।


इसके साथ ही पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थाना अंबागढ़ चौकी, मदनवाड़ा, सीतागांव और कोहका का आकस्मिक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा किए गए इस मानवीय और विश्वास निर्माण के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, मदनवाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक खोमन भंडारी, जनपद सदस्य चंदा मांडवी, सरपंच महेश्वरी धुर्वे, ग्राम पटेल राम सिंह कुमेटी, पवन उसारे एवं मानुराम कुमेटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।