
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम जंतरगुंडरा में बुधवार को ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला में शिक्षक की भारी कमी को लेकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने पूर्व खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू के नेतृत्व में बीईओ कार्यालय का घेराव कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना था कि जंतरगुंडरा प्राथमिक शाला में 60 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन पूरे विद्यालय की व्यवस्था केवल एक प्रधान पाठक के भरोसे चल रही है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई बार स्कूल समय से पहले बंद हो जाता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि स्कूल के सामने तालाब होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त खतरा बना हुआ है।
पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शासन ने 57 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। नई भर्ती से बचने के लिए युक्तियुक्तकरण लागू किया गया है, जिससे कई स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है।
बीईओ की समझाइश के बावजूद ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को मौके पर बुलाने की मांग की। स्थिति को देखते हुए डीईओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका, जो बिना अनुमति लगातार अनुपस्थित हैं, उनके खिलाफ जांच होगी। साथ ही तत्काल व्यवस्था के तहत अतिरिक्त शिक्षक भेजने का भरोसा दिया गया।
डीईओ ने संकुल समन्वयक और बीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विद्यालय में एकल शिक्षक की स्थिति न बने। यदि कोई शिक्षक अवकाश पर हो तो उसके स्थान पर तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
डीईओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ हुआ तो वे तंबू गाड़कर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।









































