
महाराष्ट्र सीमा से सटे चिल्हाटी में पहुंचा ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ शिविर
मोहला 27 फरवरी 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नवाचार “सर्विस ऑन व्हील्स, दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ अभियान के अंतर्गत गतदिवस विकासखंड अंबागढ़ चौकी के महाराष्ट्र बॉर्डर स्थित ग्राम पंचायत चिल्हाटी में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। घर के नजदीक सेवाएं मिलने से दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी स्पष्ट झलक रही थी। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
यह शिविर क्लस्टर ग्राम पंचायत चिल्हाटी, कोरचाटोला एवं सोनसायटोला के हितग्राहियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया गया। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को बिना कार्यालयों के चक्कर लगाए त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है।
शिविर में कुल 11 हितग्राहियों का डीएलसी भौतिक सत्यापन किया गया। इसके अलावा 32 दिव्यांगजनों को वॉकिंग स्टिक, 11 को श्रवण यंत्र, 3 हितग्राहियों को व्हीलचेयर तथा 2 को ट्राइसाइकिल प्रदान किया गया। 12 वृद्धजनों के लिए वय वंदन कार्ड तथा 20 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
सुदूर ग्रामीण अंचल में आयोजित इस शिविर ने यह साबित किया कि प्रशासनिक पहल और नवाचार के माध्यम से जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि घर के पास ही सेवा उपलब्ध होने से उन्हें समय, धन और श्रम की बचत हुई है।









































