मोहला: धान तौलते ही खिला चेहरा सुगम खरीदी व्यवस्था की सराहना…

मोहला 18 नवंबर 2025। शासन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारु रूप से प्रारंभ हो चुका है। इसी क्रम में विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम कान्हे निवासी बुजुर्ग महिला किसान श्रीमती सुखबती बाई उम्र के इस पड़ाव में भी अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर खेती-किसानी में निरंतर सक्रिय हैं। इस सीजन में उन्होंने अंबागढ़ चौकी धान उपार्जन केंद्र में 18.40 क्विंटल धान बेचा और धान विक्रय की पूरी प्रक्रिया की सराहना करते हुए अपना अनुभव साझा किया।

Advertisements


सुखबती बाई अपने परिवार जनों की सहायता से तुहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन कटाया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन से न सिर्फ उनका समय बचा बल्कि भीड़-भाड़ से भी राहत मिली। तय समय पर पहुँचने पर उनका धान जल्दी तौला गया। प्रक्रिया भी पूरी तरह पारदर्शी और सरल रही। वहीं उपार्जन केंद्र में पेयजल, बैठक, पर्याप्त बारदाने सभी प्रकार की मूलभूत व्यवस्थाएं रही, जिससे किसानों का काफी राहत मिल रही है।


जैसे ही उनका धान तौलकर खरीदी की प्रक्रिया पूर्ण हुई, सुखबती बाई के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। वर्षों से धान बेचने के पारंपरिक तरीके में समय और मेहनत दोनों लगते थे, परंतु ऑनलाइन व्यवस्था, सुव्यवस्थित खरीद केंद्र और पारदर्शी प्रक्रिया ने उनकी पूरी मेहनत को मानो आसान कर दिया।


उन्होंने कहा कि धान विक्रय करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई और केंद्र में मौजूद कर्मचारियों ने पूरी मदद और सहयोग प्रदान किया। अपनी खुशी व्यक्त करते हुए सुखबती बाई ने कहा अब शासन-प्रशासन की व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने शासन और प्रशासन का बेहतर व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।