राजनांदगांव:ग्राम पंचायत बघेरा में पहली बार रक्तदान शिविर का आयोजन 4  नवंबर को…

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बघेरा में पहली बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 4 नवम्बर 2025, मंगलवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र, बाजार चौक बघेरा में आयोजित होगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

Advertisements

इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और समाज में मानवता का संदेश फैलाना है। ग्राम पंचायत बघेरा की सरपंच श्रीमती ऐश्वर्या हरीश देशमुख ने इस अवसर पर कहा —

“रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है। एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। मैं ग्रामवासियों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों से अपील करती हूं कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस शिविर में भाग लें और किसी के जीवनदाता बनें।”

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक रक्तवीर को यातायात सुरक्षा और जागरूकता के तहत हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा, ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति भी सकारात्मक संदेश जाए।

इस आयोजन में समस्त पंचगण, ग्रामवासी, ग्राम पंचायत बघेरा एवं छात्र युवा मंच, राजनांदगांव (छ.ग.) का विशेष सहयोग रहेगा।

सरपंच श्रीमती देशमुख ने कहा कि बघेरा जैसे ग्राम से यदि रक्तदान की यह पहल शुरू होती है, तो यह पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उन्होंने कहा —

“आइए, इस स्थापना दिवस पर हम एक नई परंपरा शुरू करें — रक्तदान कर मानवता की सेवा करें और छत्तीसगढ़ को करुणा और सहयोग की मिसाल बनाएं।