
राजनांदगांव जिले की छुरिया पुलिस ने मवेशी तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महाराष्ट्र ले जाए जा रहे गौवंश से भरे एक महिंद्रा पिकअप वाहन को पकड़ा है। इस कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि वाहन का चालक रात्रि के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके से चार नग मवेशी जिनकी कीमत लगभग 11 हजार रुपये बताई जा रही है, तथा महिंद्रा पिकअप वाहन जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये है, को जब्त किया। इस तरह कुल 4 लाख 11 हजार रुपये का माल जप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप जब्बार मरई पिता जब्बार मरई (उम्र 32 वर्ष), निवासी ग्राम ककोड़ी, थाना चिचगढ़, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। वहीं, वाहन मालिक और चालक अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 09 अक्टूबर 2025 की रात पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम के निर्देशन में, थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम भकुर्रा के पास नाकेबंदी की थी। इसी दौरान मवेशी से भरा पिकअप वाहन देखा गया, जिसे रोकने पर चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की और वाहन सड़क किनारे नाली में फंस गया।
वाहन में बैठे हेल्पर को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। जांच में पाया गया कि वाहन में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक ठूंस-ठूंस कर बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 4, 6, 10 (छत्तीसगढ़ गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम) एवं धारा 11 (पशु क्रूरता अधिनियम) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में
लिया है। आरोपी संदीप जब्बार मरई को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया है।
फरार आरोपी वाहन चालक और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है।









































