राजनांदगांव:पशु तस्करों पर अंकुश लगाने राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई 14 वाहनों की हुई नीलामी…

राजनांदगांव। जिले में पशु तस्करी पर नकेल कसने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहनों की नीलामी की है। नीलाम किए गए वाहनों में 07 ट्रक, 05 पिकअप, 01 स्कॉर्पियो और 01 कार शामिल हैं।

जिला राजनांदगांव के विभिन्न थानों में पशु तस्करी से संबंधित मामलों में जब्त 20 वाहनों को राजसात किए जाने हेतु जिला दंडाधिकारी द्वारा आदेश पारित किया गया था। नीलामी प्रक्रिया के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया, जिसमें उप संचालक पशु चिकित्सा एवं सेवाएं राजनांदगांव को सचिव तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को सदस्य नियुक्त किया गया था।

समिति द्वारा नियमानुसार वाहनों का मूल्यांकन और सत्यापन कर GeM पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई। 6 और 8 अक्टूबर 2025 को आयोजित ऑनलाइन नीलामी में 14 वाहनों की बिक्री की गई, जबकि शेष 6 वाहनों की नीलामी आगामी प्रक्रिया में की जाएगी।

नीलामी किए गए वाहनों में थाना डोंगरगढ़ से 1, मैदाटोला से 3, सोमनी से 3, कोतवाली से 1, चिचोला से 2, मोहरा से 1, चिखली से 1, लालबाग से 1 और सुरिया से 1 वाहन शामिल हैं। इनमें से 5 ‘कडम वाहन’ 9,21,716 रुपये तथा अन्य 9 वाहन 24,04,221 रुपये में नीलाम किए गए। नीलामी से प्राप्त कुल राशि शासन के कोषालय में जमा कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की ओर से पशु तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर सख्ती और कानून के प्रभावी पालन का संदेश देती है।