
राजनांदगांव। अखिल भारतीय हिन्दू महासभा, भारत के तत्वावधान में अमर शहीदों के नाम महा-रक्तदान शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन एक फरवरी रविवार को किया गया। यह शिविर दीनदयाल कॉलोनी, देवांगन भवन के पास, शिवशक्ति मंदिर परिसर, चिखली, राजनांदगांव में आयोजित हुआ।
रक्तदान शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखा गया था। शिविर का उद्देश्य अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना रहा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय हिन्दू महासभा, भारत के जिला अध्यक्ष अवितेश सोनी ने बताया कि अमर शहीदों के नाम आयोजित इस महा-रक्तदान शिविर में युवाओं सहित पुरुषों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि शिविर में 80 से अधिक यूनिट रक्तदान किया गया, जो अपने आप में एक सराहनीय उपलब्धि है।
रक्तदान करने वाले युवक प्रशांत रजक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। अमर शहीदों के नाम आयोजित इस महा-रक्तदान शिविर में रक्तदान कर मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा का संदेश भी जाता है। मैं सभी युवाओं से अपील करता हूं कि वे आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करें और ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता को ध्यान में रखते हुए शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को निःशुल्क हेलमेट एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस पहल की उपस्थित नागरिकों द्वारा सराहना की गई।
शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, अखिल भारतीय हिन्दू महासभा के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को समाजसेवा एवं जनहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम बताया ।









































