
राजनांदगांव। धनतेरस एवं आगामी दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय राजनांदगांव में क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया।

बैठक पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री मुकेश ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा ने की। इस बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी त्यौहारों के दौरान अपराधों, असामाजिक गतिविधियों, नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध शराब बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होटल, ढाबा, लॉज, संदिग्ध स्थानों की जांच करने के लिए कहा। साथ ही हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय अपराधियों एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सतत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा समंस व वारंट की समय पर तामिली, शिकायतों का त्वरित निराकरण, तथा संध्याकालीन व रात्रि पेट्रोलिंग को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए । पुलिस अधिकारियों ने “नवा बिहान” और जनजागरूकता अभियानों के तहत नागरिकों को कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की बात भी कही।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाए और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल तैनात कर गश्त बढ़ाई जाए।









































