
छुरिया, जिला राजनांदगांव। ग्रामीण क्षेत्र में शांति भंग करने और अशांति फैलाने वाले तत्वों पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना छुरिया पुलिस ने एक प्रकरण में असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए आरोपी को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश प्राप्त हुए थे। मंगलवार 09 दिसंबर 2025 को ग्राम झाला टोला से वाद-विवाद की सूचना पर थाना छुरिया का पुलिस स्टाफ मौके पर पहुँचा।
मौके पर पाया गया कि चंद्रशेखर उर्फ चंदू साहू (उम्र 37 वर्ष), निवासी झाला टोला, मोहल्लेवासियों के साथ गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद वह शांत होने को तैयार नहीं हुआ, बल्कि और अधिक उत्तेजित होकर वाद-विवाद तथा मारपीट की स्थिति में पहुँच गया।
स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बी.एन.एस.एस. के तहत गिरफ्तार किया। तत्पश्चात आरोपी के विरुद्ध धारा 170/126 तथा 135(3) बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई कर उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, छुरिया, जिला राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।









































