
राजनांदगांव। राष्ट्रीय युवा दिवस के गरिमामयी अवसर पर आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को जिला स्तरीय एक दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर का भव्य आयोजन ऊर्जा पार्क, राजनांदगांव में किया गया। इस शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग 300 राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की।
महापौर ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। अपने संबोधन में महापौर ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्र युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष नागेश यदु ने की।
दिनभर चलीं विभिन्न गतिविधियाँ
शिविर की शुरुआत सुबह 8:00 बजे से हुई, जिसमें छात्र पंजीयन के पश्चात परियोजना कार्य, बौद्धिक परिचर्चा और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया गया।
प्रतिभाशाली स्वयंसेवक हुए सम्मानित
राष्ट्रीय और राजकीय स्तर के शिविरों में उत्कृष्ट सहभागिता और सामाजिक कार्यों में श्रेष्ठ योगदान के लिए महापौर द्वारा विभिन्न संस्थाओं के स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया। शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय के स्वयंसेवकों का विशेष दबदबा रहा, जिसमें मनीष टांडेकर, भागवत वर्मा, शिवम यादव, टिकेश्वरी देवांगन, छाया साहू, रुस्तम नूरेटी, दिनेश कुमार और रेशमा साहू को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
दिग्विजय महाविद्यालय की बड़ी उपस्थिति
शिविर में दिग्विजय महाविद्यालय के 150 से अधिक छात्र उपस्थित रहे। इस सफल आयोजन पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुचित्रा गुप्ता, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी (इकाई-1) प्रो. संजय सप्तर्षि एवं (इकाई-2) करुणा रावटे ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित छात्रों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
शिविर का नेतृत्व
इस एक दिवसीय शिविर को सफल बनाने में शिविर नायक शिवम यादव, शिविर नायिका टिकेश्वरी देवांगन, उप शिविर नायक मिथलेश साहू और उप शिविर नायिका लीना वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवी राहुल तिवारी, कोमल साहू, वीणा साहू, दिव्या, पल्लवी, पायल, विनीता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।









































