राजनांदगांव: एनसीसी कैडेट्स को सायबर अपराध नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा की जानकारी…

राजनांदगांव। जिला राजनांदगांव के ग्राम पेंड्री में आयोजित एनसीसी कैम्प में राजनांदगांव, कवर्धा, खैरागढ़–छुईखदान–गंडई एवं मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी के एनसीसी छात्र-छात्राओं को सायबर अपराध, नशा मुक्ति एवं यातायात सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया।

Advertisements

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार ने 400 से अधिक एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने ऑनलाइन ठगी, .APK फाइल, फिशिंग, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे मामलों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। श्री पम्मार ने फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और अनजान नंबर या आईडी से प्राप्त संदेशों पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की चेतावनी दी।

साथ ही, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा के विषय में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध की स्थिति में बिना डरे पुलिस से संपर्क करें और टोल-फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को “साइबर सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी” का संदेश देते हुए इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई। एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनेक प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं।

इस अवसर पर कर्नल प्रवाल, लेफ्टिनेंट डिकेश्वर निषाद, केप्टन निलेश कुर्रे, एनसीसी सुबेदार जसवंत सिंह, सुबेदार जसविंदर सिंह, एनसीसी पी.आई. स्टाफ, अन्य सिविल अधिकारीगण एवं आरक्षक धीरज डडसेना उपस्थित रहे।