राजनांदगांव : कमर, घुटना और कंधा दर्द से परेशान है बहुतायत जनता, फिजियोथेरेपी निःशुल्क शिविर में सौ से ज्यादा ने बताई अपनी पीड़ा….

राजनांदगांव , 04 जुलाई । डॉक्टर्स डे के अवसर पर स्थानीय सिंधु भवन ,लालबाग में आयोजित फिजियोथेरेपी निः शुल्क शिविर आशा के अनुरूप सफल रहा । शिविर में सौ से अधिक पीड़ितों ने अपने शरीर के विभिन्न हिस्सों में हो रहे दर्द से निजात पाने डॉक्टर्स की सलाह का लाभ लिया । बिना दवाई महज एक्सरसाइज के द्वारा दर्द से छुटकारा पाने का परामर्श पाने वाले अधिकांश पीड़ितों ने शिविर के आयोजन के लिए फिजियोथेरेपी संघ का धन्यवाद किया ।

Advertisements

फिजियोथेरेपी के माध्यम से शरीर के किसी भी हिस्से में उत्पन्न दर्द का इलाज यूं तो कोई नई तकनीक नहीं है, किंतु व्यस्तता के दौर में खुद के लिए समय न निकाल पाने से शारीरिक शिथिलता बढ़ती जा रही है । ऐसी ही समस्या से आम तथा खास लोगों को बचाने फिजियोथेरेपी (वूमेन सेल) संघ की पहल ने पूज्य सिंधी पंचायत तथा लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एक जुलाई को डॉक्टर्स डे के अवसर पर निः परामर्श शिविर का आयोजन किया । नगर के फिजियोथेरेपिस्ट दंपत्ति डॉक्टर रश्मि मोतीरमानी तथा हर्ष मोतीरमानी ने बताया की इस विधा के अन्य विशेषज्ञ साथियों के सहयोग से हम सबने लगभग एक सौ से अधिक लोगों की पीड़ा को समझा और जरूरी एक्सरसाइज के लिए उन्हें परामर्श दिया ।

विशेषज्ञों ने बताया की शिविर में मुख्य रूप से कमर, घुटना और कंधा दर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही । फिजियोथेरेपी संघ ने शिविर को सफल बनाने मे मुख्य भूमिका के लिए पूज्य सिंधी पंचायत तथा लायंस क्लब का आभार माना है । फिजियोथेरेपी संघ ने जनता की सेवा के लिए ऐसे और भी शिविरों के आयोजन से इंकार नहीं किया है।