
कलेक्टर ने दोनों रजत पदक विजेताओं को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
जिले की शतरंज महिला दल ने किया राज्य का प्रतिनिधित्व
राजनांदगांव 24 मार्च 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह से कलेक्टोरेट में अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज शतरंज प्रतियोगिता 2022-23 में रजत पदक विजेता श्रीमती उषा चटर्जी एवं अफशा परवीन ने सौजन्य भेंट की। कलेक्टर श्री सिंह ने दोनों रजत पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जिले के लिए यह गर्व की बात है कि शतरंज के खेल में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आगे भी इसी तरह उम्दा खेलते हुए सफलता के नए आयाम प्राप्त करें। उन्होंने दोनों खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि ओडि़शा राज्य के भुवनेश्वर में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज शतरंज प्रतियोगिता 2022-23 में टीम की कोच सहायक जिला क्रीडा अधिकारी श्रीमती उषा चटर्जी एवं शतरंज महिला दल की अफशा परवीन ने जिले की शतरंज महिला दल ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया और रजत पदक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रौशन किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 11 मार्च से 19 मार्च 2023 तक कलिंगा विश्वविद्यालय विश्वनाथ आनंद अंतर्राष्ट्रीय शतरंज भवन भुवनेश्वर ओडि़शा में किया गया था।

छत्तीसगढ़ राज्य की महिला दल की कोच सहायक जिला क्रीडा अधिकारी श्रीमती उषा चटर्जी के मार्गदर्शन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। राज्य की शतरंज महिला दल में राजनांदगांव से जिला उर्दू प्रभारी अफशा परवीन, रायगढ़ से सोनिया भगत, रायपुर से रंजना पूजा यादव, कोरबा से पूजा अकेला, दुर्ग से अरूणा बनेइत, महासमुंद से राजेश्वरी धु्रवंशी शामिल थी। प्रतियोगिता में शामिल सभी महिलाएं स्कूल शिक्षा विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत हंै। जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह ने भी महिला दल को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
गौरतलब है कि झारखण्ड राज्य के रांची में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज शतरंज प्रतियोगिता 2019-20 में छत्तीसगढ़ की महिला दल ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर प्रतियोगिता की विजेता बनी थी। इसी तरह दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज शतरंज प्रतियोगिता 2021-22 में छत्तीसगढ़ की महिला दल ने कांस्य पदक प्राप्त किया था।









































