
बैंक में आए किसानों से कलेक्टर ने चर्चा कर खेती किसानी के लिए दी जरूरी सलाह
————————————–
राजनांदगांव – कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित मुढ़ीपार का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने खातेदार किसानों की संख्या की जानकारी लेकर बैंक प्रबंधक को सकारात्मक सहयोग करने कहा। आज यहां आए खाताधारक किसानों से उन्होंने चर्चा कर खेती किसानी संबंधी जरूरी सलाह दी। कलेक्टर ने कहा कि किसान अपनी पैदावार क्षमता बढ़ाने के लिए ग्राम सेवक और कृषि विभाग के अधिकारियों से जरूरी सलाह लेकर उनके द्वारा बताए गए उपाय के आधार पर फसल लें। कलेक्टर ने किसानों को सलाह दिया कि वह धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसल भी लेें। इससे कम समय और कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है।
कलेक्टर ने कहा कि धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। कलेक्टर ने किसानों से धान, बीज के उठाव की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों से फसल चक्र परिवर्तन करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि फसल चक्र परिवर्तन करने से भूमि की उर्वरा शक्ति कायम रहती है। एक ही प्रकार की लगातार फसल लेने से जमीन की प्राकृतिक उर्वरा शक्ति नष्ट हो जाती है। इससे फसल उत्पादन में कमी होती है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, ओएसडी जगदीश सोनकर, एसडीएम गिरीश रामटेके, जनपद सीईओ तरूण देशमुख सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









































