
महिला समूह को गोधन न्याय योजना से जुड़कर स्वावलंबी महिला बनने किया प्रेरित
राजनांदगांव 13 जनवरी 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह डोंगरगांव विकासखंड के दौरे पर थे। इस दौरान कलेक्टर ने जंगलपुर में गोधन न्याय योजना अंतर्गत बनाए गए गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने यहां पहुंचकर महिला समूह से उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों के संबंध में चर्चा किया। महिला समूह ने बताया कि उनके द्वारा कंपोस्ट खाद के साथ-साथ मशरूम उत्पादन का कार्य किया जा रहा है।
महिला समूह ने बताया कि गौठान में उनके द्वारा अब तक 4 क्ंिवटल 66 किलो कंपोस्ट खाद बनाया जा चुका है। महिला समूह के खाते में अभी तक 1 लाख 25 हजार रूपए की राशि आ गई है। कलेक्टर ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अन्य गतिविधियों से भी जुड़कर इसी तरह से कामयाबी की राह पर अपने आप को स्थापित करें। जंगलपुर गौठान में फेसिंग कार्य किया गया है।
गौठान में पानी नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने इसके लिए बोर खनन का प्रस्ताव बनाने कहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि महिला समूहों को उनकी मेहनत का पैसा समय पर मिलनी चाहिए। महिला समूह को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार, एसडीएम श्री सुनील नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









































