हॉस्पिटल, मेडिकल स्टोर्स एवं पेट्रोल पंप रहेगी खुली

डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा
राजनांदगांव – कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज दिग्विजय स्टेडियम स्थित डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा बैठक में कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सम्पूर्ण जिले (कंटेनमेंट जोन) में रविवार को सभी सेवाएं बंद रहेगी। केवल हॉस्पिटल, मेडिकल स्टोर्स, पेट्रोल पंप खुली रहेगी। पूर्व में जारी आदेश के अनुसार दूध का विक्रय निर्धारित समय में किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बंद का सभी क्षेत्रों में कड़ाई से पालन होना चाहिए।
18 से 44 वर्ष आयु वाले व्यक्तियों के वैक्सीनेशन की जानकारी लेते हुए कहा कि एपीएल कार्डधारियों ने टीकाकरण में अधिक रूचि दिखाई है। इसी तरह सभी अंत्योदय एवं बीपीएल कार्डधारी हितग्राही अधिक से अधिक वैक्सीनेशन कराएं। वैक्सीन लगाने से कोरोना संक्रमित होने का खतरा कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने वैक्सीनेशन कराया है उसकी एन्ट्री पंजी में संधारित करें और सुरक्षित रखे।
जिन केन्द्रों में वैक्सीनेशन किया जा रहा है, वहां कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें और दूरी बनाए रखे। उन्होंने कहा कि गर्भवती एवं शिशुवती माताएं, सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण तथा गंभीर बीमारी लक्षण वाले मरीज वैक्सीन नहीं लगाए। साथ ही कोरोना संक्रमण से ठीक होने के 42 दिन बाद ही वैक्सीन लगाएं। टीकाकरण केन्द्रों में इसकी जानकारी चस्पा करें, ताकि लोगों को जानकारी मिल सकें।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी, खांसी, बुखार लक्षण वाले मरीज सेम्पलिंग में लापरवाही बरत रहे है। इन्हें मितानीन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला समूहों के माध्यम से बातचीत कर सेम्पलिंग के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही वैक्सीनेशन के लिए भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के शादी नहीं होनी चाहिए। साथ ही समारोह में जारी निर्देश के अनुसार निश्चित संख्या में व्यक्ति शामिल हो। इन समारोह में मेडिकल मोबाईल वैन के माध्यम से लोगों का सेम्पलिंग कर जांच भी करें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कविलाश टंडन, एसडीएम मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, राहुल रजक, डीपीएम गिरीश कुर्रे, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रेणू प्रकाश, शासकीय मेडिकल कालेज से अरविंद चौधरी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











































