राजनांदगांव 19 दिसम्बर 2021। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने आज राजनांदगांव जिले के प्रवास के दौरान खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम अतरिया, रगरा और गाड़ाडीह धान उपार्जन केंद्र का औचक निरीक्षण किया।

मंत्री भगत ने उपार्जन केंद्रों में अधिकारी, कर्मचारी से चर्चा कर धान खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन केंद्रों के कर्मचारियों को किसानों से अच्छे व्यवहार तथा हर संभव आवश्यक मदद करने कहा।प्रभारी मंत्री भगत ने टोकन एवं बोरा संबंधित कार्यों को लेकर उपार्जन केंद्र आए किसानों से चर्चा की। किसानों ने बताया कि शासन द्वारा धान खरीदी के लिए की जा रही व्यवस्था संतोषप्रद है। उन्हें धान बेचने में कोई परेशानी नहीं हो रही है।
पुराने बारदानों का दर 25 रूपए बढ़ाने के लिए किसानों ने शासन को धन्यवाद दिया।उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा इस वर्ष प्रदेश के पंजीकृत किसानों से 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा है। एक दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर शुरू हुए धान खरीदी के महज सत्रह-अठारह दिनों में ही 31 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी कर लिया गया है। जो कुल धान खरीदी का लगभग 30 प्रतिशत है।










































