
राजनांदगांव। संस्कारधानी नगरी में इस बार भी क्वार नवरात्रि पर्व अवसर पर लायंस क्लब राजनांदगांव गरबा उत्सव 2024 की धूम है। जगज्जननी मां दुर्गा की पूजा-आराधना के साथ मातारानी की शान में रास-गरबा व डांडिया नृत्य करने के शौकिन लोगों के लिए शहर में गरबा उत्सव की रंगारंग छटा छठ बिखरने लगी है। लोग बड़ी संख्या में डांडिया, रास गरबा कार्यक्रम में भाग लेकर मातारानी के चरणों में अपनी श्रद्धा भावना के पुष्प अर्पित कर रहे हैं।

संस्कारधानी राजनांदगांव में आयोजित लायंस क्लब द्वारा गरबा उत्सव 2024 आयोजन में विश्व ब्राह्मण की महिलाओं को बेस्ट ग्रुप डांस का पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
विश्व ब्राह्मण समाज की जिला अध्यक्ष मौसमी शर्मा ने बताया कि नवरात्रि में गरबा और डांडिया खेलने की परंपरा कई सालों पुरानी है। पहले इसे भारत के गुजरात और राजस्थान जैसे राज्यों में खेला जाता था, लेकिन धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई। गरबा शब्द कर्म और दीप से मिलकर बना है। नवरात्रि के पहले दिन मिट्टी के घड़े में बहुत से छेद किए जाते हैं जिसके अंदर एक दीपक प्रज्वलित करके रखा जाता है। इसके साथ चांदी का एक का सिक्का भी रखते हैं। इस दीपक को ही दीप गर्भ कहा जाता है। दीप गर्भ की स्थापना के पास महिलाएं सुंदर व रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर माता शक्ति के आगे नृत्य कर उन्हें प्रसन्न करती हैं। उन्होंने बताया कि दीप गर्भ, नारी की सृजन शक्ति का प्रतीक है और गरबा इसी दीप गर्भ का अपभ्रंश रूप है। इस तरह से यह परंपरा आगे बढ़ी और आज सभी राज्यों में नवरात्री पर्व पर गरबा का आयोजन किया जाता है।
इस दौरान उत्सव में स्वीटी शर्मा, मनीषा शर्मा,ममता शर्मा बालाजी, रंजना शर्मा, आंचल शर्मा, विश्रुति मिश्रा, शिखा शर्मा, मधु अग्रवाल, प्रीति शर्मा एवं अन्य महिलाओं ने सुंदर प्रस्तुति दी।










































