राजनांदगांव : गहनों की भूख में की चोरी, अपने ही बैंक में किया हाथ साफ…

गहनों की भूख में की चोरी, अपने ही बैंक में किया हाथ साफ – थाना डोंगरगांव पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

राजनांदगांव (26 जुलाई 2025): थाना डोंगरगांव पुलिस ने एक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने ही बैंक से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। महिला आरोपी की पहचान श्रीमती कांति नायक (उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम आमगांव, थाना डोंगरगांव) के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, और डोंगरगांव अनुविभागीय अधिकारी श्री दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

कैसे हुआ खुलासा?

ग्राम आमगांव की एक महिला द्वारा आय से अधिक मात्रा में सोना-चांदी और अन्य कीमती सामानों की खरीददारी करने की सूचना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से मिली। सूचना की पुष्टि के लिए डोंगरगांव पुलिस ने विशेष टीम गठित कर महिला की गतिविधियों पर नजर रखी।

पूछताछ में महिला ने कबूल किया कि वह हर माह अपने बैंक खाते में पैसा जमा करने जाती थी। एक दिन भीड़ का फायदा उठाते हुए उसने उसी बैंक के एक कमरे से ₹1,50,000 की चोरी की। पैसों को छुपाकर महिला ने उसी धन से महंगे जेवर खरीदे।

आरोपी के पास से जब्त की गई सामग्री:

सोने की डोला,काले मोती में बंधा सोने की लॉकेट,सोने का मंगलसूत्र ओम लॉकेट चांदी की 3 जोड़ पायल नकदी ₹20,000 चोरी का अपराध स्वीकारने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर से सारे सामान को बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ़्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरे अभियान में सउनि देवकुमार रावटे, आरक्षक गौरव शेण्डे और महिला आरक्षक अभिलाषा ठाकुर की विशेष भूमिका रही।