राजनांदगांव : ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ के संकल्प को पूरा किया, भाजपा ने कहा- बजट ने निराश किया…

राजनांदगांव : भूपेश सरकार ने सोमवार को बजट पेश किया, लेकिन राजनांदगांव को कोई सौगात नहीं मिली। यहां किसी भी बड़ी योजना को अमलीजामा पहनाने का काम भी नहीं किया गया है। इस बजट पर जहां कांग्रेसियों ने इसे संकल्प पूरा करने वाला बजट बताया है वहीं भाजपा ने इसे पूरी तरह से निराशाजनक करार दिया है। इस प्रकार इस बजट की मिलीजुली प्रतिक्रिया रही। इस बार बजट में जिले के विकास के लिए बड़ा प्रावधान नहीं किया गया है।

Advertisements

सांसद पांडेय ने बजट को बेहद निराशाजनक बताया
छग सरकार द्वारा पेश किया गया बजट बेहद निराशाजनक है। कांग्रेस द्वारा अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे जैसे शराबबंदी, युवाओं को रोजगार, संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, शिक्षाकर्मी से शिक्षक बने शिक्षकों को क्रमोन्नति, पदोन्नति का लाभ देने, आंगनबाड़ी कर्मचारियों सहित जनता से किए कई वादों को पूरा करने के संबंध में बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है। केंद्र की योजनाओं का भी अपने बजट में जिक्र कर राज्य सरकार ने वाहवाही लूटने व श्रेय लेने की कोशिश की है।

‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ के संकल्प को पूरा किया
महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने सरकार के बजट पर कहा कि यह बेहतर वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक संतुलन और छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के संकल्प की स्पष्ट छाप दिखाने वाला जन कल्याणकारी बजट है। गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करने वाला बजट है। महापौर हेमा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों की दुर्घटना जन्य आकस्मिक मृत्यु पर परिवार को 5 लाख रुपए की सहायता का प्रावधान कर चौथे स्तम्भ के प्रति अपना सकारात्मक व मानवीय दृष्टिकोण दिखाया है।

बिना प्लानिंग का बजट, योजनाओं में दम नहीं
जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रस्तुत बजट को अर्थहीन व योजनाविहीन तरीके से बनाया बजट कहा है। यादव ने कहा कि सरकार पौनी पसारी योजना का ग्रामीणीकरण करके इंडस्ट्रियल पार्क खोलने की योजना पूरी तरह से फ्लॉप होना है क्योंकि पौनी पसारी योजना ही असफल हो गई है तो उसका विस्तार का हश्र क्या होगा वो पहले से दिख रहा है। केंद्र के द्वारा भेजी गई राशि से नरवा घुरवा का क्रियान्वयन करके झूठी वाहवाही लेना ही बजट की असफलता को दर्शाता है।

भूपेश सरकार में इच्छा शक्ति की कमी: नीलू
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने भूपेश बघेल द्वारा प्रस्तुत बजट को अत्यंत निराशाजनक व कागजों का पुलिंदा बताया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लिए तो बड़े-बड़े आंकड़े दिखाकर बाजीगरी दिखाई लेकिन यह बताना भूल गए की योजनाओं के लिए जारी राशि किस विभाग किस मद से व्यय होगी। कौन से विभाग के द्वारा राशि व्यय की जाएगी, एजेंसी कौन होगी। जिस कार्य के लिए वाहवाही लूट रहे हैं जैसे मनरेगा की मजदूरी भुगतान, कोरोना से जंग, स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह केंद्र की राशि से किया गया है।

बजट शून्य विकास की अवधारणा वाला: गांधी
जिला भाजपा के महामंत्री दिनेश गांधी ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद का यह पहला बजट है जो शून्य विकास की अवधारणा के साथ लाया गया है क्योंकि इस बजट से कुछ विकास नहीं होना है क्योंकि विकास की संकल्पना को तो बजट से उड़ा दिया गया है। यह केवल कागज का पुलिंदा साबित होगा, एक भी विकासपरक योजना नहीं लाई गई है, न तो शिक्षा व्यवस्था, न तो स्वास्थ्य व्यस्था न ही ग्रामीण और न ही सामाजिक विकास के लिए कुछ प्रावधान किया गया है।

गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की तरफ एक और कदम
लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मेहुल मारू ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में सभी वर्गो सहित हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है। बजट राज्य के किसानों व आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की समृद्धि व शिक्षा चिकित्सा के नये आयाम गढ़ने वाला साबित होगा। बजट से ग्रामीण व शहरी अधोसंरचना मजबूत होगी। सी-मार्ट स्टोर की स्थापना कर हमारी छत्तीसगढ़ीया संस्कृति को एक ही छत के नीचे सहेजने संवारने का कार्य भी मुख्यमंत्री ने इस बजट में किया है।

सकारात्मक बजट: गोवर्धन देशमुख
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गोवर्धन देशमुख ने कहा कि सीएम भूपेश बघेल द्वारा जारी किए गए बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। जन कल्याणकारी बजट है। इस बजट से छत्तीसगढ़ विकास की ओर अग्रसर होगा। किसान, मजदूर, छोटे व्यापारियों का विशेष ख्याल रखा गया है।

बजट से वनांचल में हताशा: नम्रता सिंह
जनपद सदस्य नम्रता सिंह ने कहा कि पूरे जिले सहित मानपुर-मोहला को बजट से हताशा मिली है। ऐसा विगत दो वर्षों से देखने में आया है कि राज्य के बजट में मानपुर नदारद हो जाता है। इस बार भी वही हुआ। उन्होंने कहा कि इस बार पेश हुए राज्य बजट से मानपुर-मोहला गायब हो गया।

बेहद निराशाजनक बजट: तरुण लहरवानी
भाजपा के शहर अध्यक्ष तरुण लहरवानी ने छतीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के बजट को बेहद निराशाजनक बताते हुए कहा कि बजट में छोटे व्यापारियों के लिए कोई कोई राहत नहीं है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र मे जो वादे किए थे जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु वाले किसानों के लिए पेंशन की घोषणा, महिलाओं के लिए वुमेन सेल व शिक्षित बेरोजगारों के लिए 2500 रु. के भत्ते की घोषणा नहीं की गई।

सपनों को साकार करने वाला बजट: साहू
जनपद सभापति ओमप्रकाश साहू ने कहा कि यह बजट गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के सपनों को साकार करने वाला बजट है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट से राज्य के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचेगा। बजट से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार की दिशा में वृद्धि होगी। राज्य में बिजली एवं सड़क की समस्या दूर होगी। छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराई गई है।

source bhaskar.com