
राजनांदगांव। पुलिस चौकी चिखली एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम ने बजरंगपुर नवागांव में हुई चोरी की वारदात का महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस ने चोरी गए सोने के सभी आभूषण एवं नगद राशि बरामद कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12.12.2025 को प्रार्थिया अपनी बहू के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार गई थी। लगभग 2:00 बजे घर लौटने पर उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है। कमरे में रखी आलमारी से 5 मंगलसूत्र, 3 कान के इयरिंग, नाक की फुल्ली एवं नगद राशि चोरी हो चुकी थी, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी चिखली में अप.क्र. 758/2025 धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुलदेव शर्मा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भापुसे) के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी चिखली के नेतृत्व में पुलिस एवं साइबर सेल की टीम गठित की गई। टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में घूमते नजर आए।
संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। मुख्य आरोपी ने अपना नाम ऐश्वर्य साहू पिता नरेश साहू उम्र 18 वर्ष निवासी बजरंगपुर नवागांव बताया, जबकि उसका एक नाबालिग साथी भी शामिल पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषणों को अपने घर में छिपाकर रखना स्वीकार किया, जिस पर पुलिस ने 5 मंगलसूत्र, 3 कान के इयरिंग, नाक की फुल्ली एवं नगद राशि बरामद कर ली। इस प्रकार शत-प्रतिशत चोरी की मशरूका जप्त की गई।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया, जबकि अपचारी बालक को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया है।
इस सराहनीय कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, प्र.आर. राजकुमार वर्मा, अरुण कुमार नेताम, आरक्षक आदित्य सोलंकी, सुनील बैरागी, चन्द्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, किशोर मार्बल, साइबर सेल के प्र.आर. बसं
त राव, आरक्षक मनीष वर्मा, जीवन ठाकुर एवं चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









































