राजनांदगांव: घुमका पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, स्कूटी से शराब परिवहन करते युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव । अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए घुमका पुलिस द्वारा लगातार सख़्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना घुमका पुलिस ने स्कूटी की डिक्की में देशी शराब का परिवहन करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी घुमका निरीक्षक विजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।

Advertisements


दिनांक 01 फरवरी 2026 को रात लगभग 9:30 बजे ग्राम कालडबरी दसवां मील के पास घुमका पुलिस ने एंबुश लगाकर सफ़ेद रंग की स्कूटी को रोका। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार युवक के कब्जे से अवैध रूप से शराब परिवहन किया जाना पाया गया।
आरोपी की पहचान विनय कुमार यादव (23 वर्ष), पिता चैन सिंह यादव, निवासी ग्राम भेंड़रवानी, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक सफ़ेद रंग की पुरानी टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-04-PM-9446 (कीमत लगभग ₹15,000) तथा डिक्की में रखे 52 पौवा शोले मसाला देशी शराब (कीमत ₹5,200) जप्त की गई। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹20,200 बताई गई है।


पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घुमका पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।