
राजनांदगांव – छत्तीसगढ़ी संस्कृति के पहले हरेली तिहार को ज्यादा आनंदमय बनाने के लिए सी मार्ट में गेड़ी रखी गई है. बाकी जिलों के साथ राजनांदगांव शहर के सी मार्ट में भी पारंपरिक गेड़ी बिकने लगी है. हरेली तिहार पर गेड़ी चढ़ने के शौकीन सी मार्ट से गेड़ी खरीदकर छत्तीसगढ़ का पहला तिहार पारंपरिक तरीके से मना सकते हैं. सी मार्ट में गेड़ी 120 रुपये से 160 रुपये में प्रति जोड़ी मिल रही है.
गांवों में घर घर में गेड़ी आसानी से बना ली जाती है. लेकिन शहर में गेड़ी मिलना मुश्किल होता है. इसी परेशानी को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने वन विभाग की तरफ से सी मार्ट में गेड़ी पहुंचाई है. गेड़ी को लेकर आम लोगों के साथ ही सी मार्ट के कर्मचारियों में भी उत्साह है. कर्मचारियों का कहना है कि पहली बार सी मार्ट में गेड़ी देखकर काफी खुशी हो रही है.
गेड़ी खरीदने आए टुकेंद्र यादव ने कहा कि हरेली त्यौहार छत्तीसगढ़ का पहला त्यौहार है जिसमे गेड़ी चढ़ने की परंपरा हमारे पुरखों के जमाने से चली आ रही है गेड़ी गांव में आसानी से मिल जाता है पर शहर में नही मिल पाता था अब सी मार्ट में गेड़ी मिलने से हम बहुत खुश है।
राजनांदगांव सी मार्ट संचालक श्रेणीक डाकलिया ने बताया कि हरेली त्यौहार के उपलक्ष पर वन विभाग द्वारा गेड़ी उपलब्ध कराया गया था जो की सभी बुक हो चुकी है और छत्तीसगढ़िया ओलंपिक को देखते हुए अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
हरेली तिहार के साथ गेड़ी चढ़ने की परंपरा अभिन्न रूप से जुड़ी हुई है. त्योहार के दिन ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग सभी परिवारों द्वारा गेड़ी का निर्माण किया जाता है. परिवार के बच्चे और युवा गेड़ी का जमकर आनंद लेते हैं.









































