
राजनांदगांव। जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ केशरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छुरिया निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख उमर (38 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 6 छुरिया, जो वर्तमान में जिला कबीरधाम में रह रहा था, तथा भागचंद गोड (37 वर्ष) निवासी ग्राम बखरूटोला, पुलिस चौकी जोब, थाना छुरिया शामिल हैं, जो वर्तमान में राजनांदगांव में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार शेख उमर के खिलाफ वर्ष 2018 में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज था, जबकि भागचंद गोड के खिलाफ वर्ष 2014 में एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत प्रकरण दर्ज था। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, जिनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उनके निवास स्थान से पकड़कर थाना छुरिया लाया और 16 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक ओम सिंह साहू, प्रधान आरक्षक मनोज साहू, आरक्षक फूलेन्द्र राजपूत, देवी लाल साहू, रितेश यादव और कोमल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









































