
राजनांदगांव जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में जमीन दिखाने और नोट डबल करने का झांसा देकर झपटमारी का मामला सामने आया है। आरोपी ने प्रार्थी से 1 लाख 75 हजार रुपये से भरा बैग झपटकर फरार हो गया था। हालांकि बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 3 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और पूरी रकम बरामद कर ली।
मामला 9 अप्रैल का है, जब महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के रहने वाले प्रार्थी जयराम नागपुरे अपने साथी के साथ राजनांदगांव के मोहारा क्षेत्र में जमीन देखने आए थे। आरोपी मनोज जोशी उर्फ अमित हट्टेवार ने उन्हें जमीन दिखाने के बहाने बुलाया और बातचीत के दौरान नोट डबल करने का लालच दिया।
इसी दौरान मौका पाकर आरोपी ने प्रार्थी के पास रखे 1 लाख 75 हजार रुपये से भरे बैग को झपट लिया और हाईवे की ओर भाग निकला। घटना के बाद प्रार्थी ने बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से पूरा पैसा बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।










































