राजनांदगांव : जिला पंचायत सीईओ ने शासन के प्राथमिकता वाली विकासात्मक योजनाओं की गहन समीक्षा की…

राजनांदगांव 19 मार्च 2021। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अजीत वसंत ने जनपद पंचायत मानपुर में शासन की प्राथमिकता वाली विकासात्मक योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सचिवों को 60 व अधिक आयु वर्ग के वृद्धजनों को 31 मार्च 2021 के पूर्व शत-प्रतिशत टीकाकरण का प्रथम डोज लगवाने के निर्देश दिए। खण्ड चिकित्सा अधिकारी को मितानिन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सभी शिक्षकों तथा महिला बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आपस में समन्वय कर वृद्धजनों को प्रेरित कर टीकाकरण कार्य में सहयोग करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय अमला वृद्धजनों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करे। लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तक लाने में सचिव आवश्यक सहयोग करेंगे।

Advertisements


अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के दिए निर्देश-
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) एवं डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता (डीकेबीएसएसवाय) योजना में 5 लाख रूपए तक सामान्य व्यक्ति का इलाज कराने का लाभ मिल सकेगा। सचिवों एवं स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किए कि सीएससी केन्द्रों के वीएलई के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। समस्या का त्वरित निराकरण किया जाए। उल्लेखनीय है कि आर्थिक सामाजिक जाति जनगणना 2011 की सर्वे सूची में जिन परिवारों का नाम शामिल है, उनका आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। राशनकार्ड आधारित कार्ड भी बनाया जा रहा है। 31 मार्च 2021 तक सभी परिवार लक्ष्य को हासिल करें।


जल जीवन मिशन के तहत जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा-
जल जीवन मिशन योजनान्तर्गत स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केन्द्र, ग्राम पंंचायत, सामुदायिक भवनए, हास्टल एवं आश्रम शालाओं में जल की उपलब्ध्ता 31 मार्च 2021 के पूर्व सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जिन ग्रामों में नल जल योजना संचालित है, वहां पाईप लाईन विस्तार कर रनिंग वाटर उपलब्ध कराया जाये। जिन संस्थाओं में हेण्ड पंप है, वहां सिनटेक्स टंकी एवं मोटर फिटींग कराकर रनिंग वाटर प्रदाय किया जाये। इस योजना में कम लागत वाले कार्य पहले लिए जाये। इसके बाद बड़ी लागत एवं समस्या मूलक कार्यों को पूरा किया जाये। इन कार्यों में सर्वप्रथम 15 वें वित्त योजना की 25 प्रतिशत आबद्व राशि व्यय किया जाये। जिला पंचायत सीईओ ने अतिरिक्त राशि जल जीवन मिशन से कार्य निष्पादन कराकर मांग किया जाये। तकनीकी पहलुओं एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देशित किया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी संकुल समन्वयक के माध्यम से एवं परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अपने पर्यवेक्षक के माध्यम से स्कूल एवं आंगनबाड़ी में पंचायत द्वारा स्थापित रंनिग वाटर कार्यों के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मानपुर को फीडबैक देगें।


मनरेगा अंतर्गत वन पट्टाधारी हितग्राहियों को 100 दिवस कार्य उपलब्ध कराने के दिये निर्देश, गोधन न्याय योजना के तहत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की-
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अन्तर्गत वन पट्टाधारी हितग्राहियों को 100 दिवस कार्य उपलब्ध कराने कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया गया एवं वर्ष 2018-19 के लंबित कार्यों को 31 मार्च तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सचिवों को मनरेगा के कार्यों में 50 प्रतिशत महिलाओं को मेट रखने निर्देश दिया गया। उन्होंने सचिवों को प्रधानमंत्री आवास योजना में बाहरी ठेकेदार पर नियंत्रण रखने तथा गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण कराने निर्देश दिए। आवासों में चतुर्थ किस्त मिलने पर दरवाजा खिड़की आदि अनिवार्य रूप से लगाया जाए ताकि हितग्राही निवास कर सकें।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए विकासखंड में स्वीकृत 60 सामुदायिक शौचालय की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। ब्लॉक समन्वयक को व्यक्तिगत शौचालय का सत्यापन प्रतिवेदन 3 दिवस में जिला पंचायत भेजने कहा। लंबित निर्माण कार्यों को 31 मार्च 2021 तक करने के निर्देश दिए। 2018-19 के कोई भी कार्य लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना राज्य शासन की महत्वांकाक्षी योजना है। सचिव गंभीरतापूर्वक सावधानी से डाटा एन्ट्री का कार्य करें। जहां अतिरिक्त वर्मी टैंक की आवश्यकता है, वहां स्वीकृति हेतु भेजें। गोबर के रखरखाव एवं वर्मी खाद के विक्रय हेतु लघु एवं सीमांत किसानों को सूचीबद्ध करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम पंचायत भी 1 क्विंटल खाद क्रय करें। उद्यान विभाग द्वारा 100 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खरीदने की जानकारी दी गई।


मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अजीत वसंत ने सरपंच एवं सचिवों की समस्याओं को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान तहसीलदार श्री सुरेन्द्र उर्वशा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मानपुर, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री एचएलचतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री सेण्डे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, श्री एनके निरापुरे, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुश्री जाहिदा खान, बीएमओ डॉ. कौशिक, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री आरके पिस्दे, उद्यान अधिकारी श्री माहला, कार्यक्रम अधिकारी सुश्री स्नेहा गजभिये, बीपीएम श्री विश्वकर्मा एवं पंचायतों के सचिव उपस्थित थे।