
राजनांदगांव 08 दिसम्बर 2023। सशस्त्र सेना झंडा दिवस का आयोजन 7 दिसम्बर 2023 को अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय राजनांदगांव में किया गया। इस अवसर पर जिले के गणमान्य नागरिक, भूतपूर्ण सैनिक व उनके परिवारजन उपस्थित थे।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस का उद्देश्य देश के बहादुर सैनिकों को सम्मान देना एवं इस दिन विशेष तरह से बने झंडे भेंटकर देश के शहीदों के परिवार के कल्याणार्थ धनराशि एकत्र करना है। यह दिवस युद्ध में दिव्यांग तथा शहीदों के परिवार के पुर्नवास के लिए मनाया जाता है।

थल सेना, वायु सेना एवं जल सेना के अनेक जांबाज शूरवीरों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। देश की आजादी से अब तक भारतीय सेना ने विभिन्न युद्धों में अनेकों सैनिकों को खो दिया है तथा बड़ी संख्या में सैनिक स्थाई रूप से दिव्यांग हो गये हैं। यह झंडा दिवस हमें याद दिलाता है कि इन शहीदों के परिवारों, दिव्यांग सैनिक एवं उनके आश्रितों की देखभाल करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी गु्रप कैप्टन श्री ब्रिजेश कुमार शर्मा (सेवानिवृत्त) ने बताया कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर एकत्रित की गई धनराशि समामेलित विशेष निधि में जमा की जाती है। इस कोष से जरूरतमंद भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जाता है,
जिसमें चिकित्सा सहायता, छात्रवृत्ति, तत्काल सहायता, पुत्री विवाह अनुदान, दाह संस्कार, कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण हेतु अनुदान इत्यादि शामिल है। इस झंडा दिवस पर प्रदाय की गई राशि आयकर से 100 प्रतिशत मुक्त होती है। उन्होंने शहीदों की विधवाओं तथा युद्ध के दौरान दिव्यांग हुए सैनिकों के प्रति अपना कर्तव्य समझकर तथा आगे बढ़कर यथासंभव मुक्त हस्त से धनराशि का योगदान देकर राष्ट्रीय कर्तव्य का पालन करने की अपील की।









































