
– शिविर में आईजी, कलेक्टर, डीआईजी आईटीबीपी एवं एसपी हुए शामिल
– ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर से स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए मिलेगा समन्वित लाभ – आईजी श्री दीपक झा
– शासन की योजनाओं का भरपूर फायदा लें – कलेक्टर
– कलेक्टर ने शासन की महतारी वंदन योजना के संबंध में महिलाओं से जानी प्रतिक्रिया
– वाहन चलाते समय सभी हेलमेट का करें उपयोग, हेलमेट से वाहन दुर्घटना में होने वाली 50 प्रतिशत मृत्यु दर रोकी जा सकती है
– ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा अंतर्गत 95 लाख 87 हजार रूपए की लागत से 93 कार्य स्वीकृत
– मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजनांतर्गत हितग्राहियों को चेक किया गया वितरित

– स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में सिकल सेल, टीबी, शुगर, खून जांच ब्लड प्रेशर जांच की गई
– शिविर में मांग से संबंधित लगभग 300 आवेदन हुए प्राप्त
– हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं चश्मा का किया गया वितरण
राजनांदगांव 08 फरवरी 2024। जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आज डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कोठीटोला में किया गया। इस अवसर पर आईजी श्री दीपक झा, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, डीआईजी आईटीबीपी श्री ओमप्रकाश यादव, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग एवं अन्य अधिकारी शामिल हुए और उन्होंने शासन के विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।
आईजी श्री दीपक झा ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी स्टॉल के माध्यम से दी जा रही है और ऐसे शिविर समग्र विकास के केन्द्र हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए समन्वित लाभ होगा तथा थाना क्षेत्र में भी विकास भी होगा। उन्होंने कहा कि सभी दुर्घटना को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग जरूर करें।
वाहन चलाते समय वाहन चालक शराब का सेवन किया हुआ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनसामान्य साईबर फ्राड से सावधान एवं जागरूक रहें। इस अवसर पर गर्भवती माताओं की गोद भराई के लिए सुपोषण किट प्रदान किया गया तथा नन्हे बच्चों का अन्न-प्राशन्न किया गया।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने एवं उनसे लाभान्वित करने के लिए यह शिविर लगाया गया है।
जनसामान्य यहां लगाए गए स्टॉल का अवलोकन करें, हो सकता है कि कोई ऐसी योजना होगी, जो आपके लिए लाभकारी होगी। जनसामान्य को शासन की योजनाओं की जानकारी होना चाहिए, ताकि वे इसका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का भरपूर फायदा लें। शासन की यह मंशा है कि जनसामान्य तक योजनाएं पहुंचे।
इसके लिए एक कदम नागरिकों को भी आगे आना होगा। यहां विभागों के स्टॉल में फार्म भी उपलब्ध हैं, ताकि आवश्यकता के अनुरूप फार्म भरा जा सके। स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण करा सकते हंै। बीमारी ज्यादा होने पर मरीज को जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल हॉस्पिटल ले जा सकते हैं। कलेक्टर ने शासन की महतारी वंदन योजना के संबंध में महिलाओं से प्रतिक्रिया जानी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि मिलेगी।
उन्होंने महिलाओं से कहा कि राशि की बचत करें तथा अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए पौष्टिक आहार लें, ताकि बच्चे का स्वास्थ्य भी अच्छा रहे। हरी सब्जी, दाल, सोयाबीन, मुनगा जैसे प्रोटीन व विटामिन युक्त पौष्टिक खाद्य सामग्री को अपने आहार में शामिल करें। प्राप्त राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई के लिए करें। कलेक्टर ने किसानों से बातचीत की और उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मक्के की खेती में फायदा है। धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए कहा।
पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा के लिए हॉस्पिटल, डॉक्टर एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं होनी चाहिए। आप सभी जागरूक है और यहां स्टॉल में शासन की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। आईटीबीपी और स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल भी यहां लगाया गया है।
ग्राम कोठीटोला एवं गोटाटोला पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्र था, लेकिन आप सभी के सकारात्मक विचार एवं जागरूकता के कारण यह क्षेत्र अब नक्सलवाद से मुक्त है। उन्होंने कहा कि पुलिस नक्सली घटना, अपराध, असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए हमेशा सहयोग करेगी तथा नागरिकों की सुरक्षा तथा विकास के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस का सहयोग करें। वाहन चलाते समय सभी हेलमेट का उपयोग करें। हेलमेट के माध्यम से वाहन दुर्घटना में होने वाली 50 प्रतिशत मृत्यु दर रोकी जा सकती है।
जिला स्तरीय अधिकारियों ने शासन की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में सिकल सेल, टीबी, शुगर, खून जांच ब्लड प्रेशर जांच किया गया तथा नि:शुल्क दवाईयों का वितरण किया गया। आयुर्वेद विभाग के स्टॉल में ब्लड प्रेशर, स्त्री रोग के संबंध में जानकारी प्रदान की गई और आयुर्वेद दवाईयों का वितरण किया गया।
खाद्य विभाग के स्टॉल में राशन कार्ड का नवीनीकरण से किया गया। राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य विभाग, जल संसाधन, परिवहन विभाग, उद्योग एवं व्यापार विभाग एवं अन्य विभाग के स्टॉल लगाए गए थे। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा अंतर्गत 95 लाख 87 हजार रूपए की लागत से 93 कार्य स्वीकृत किए गए। शिविर में मांग से संबंधित लगभग 300 आवेदन प्राप्त हुए।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजनांतर्गत श्रीमती जीरजोधन कवंर व श्रीमती कुमारी बाई एवं मिनीमाता महतारी जतन योजना अंतर्गत श्री योगश कुमार देवांगन व श्री भिनेश कुमार तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजनांतर्गत श्री मानसिंग एवं श्री जयरा को को 20-20 हजार रूपए का चेक और मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजनांतर्गत श्रीमती हेमिनबाई को 1 लाख रूपए का चेक का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं चश्मा वितरण किया गया।
कृषि विभाग के स्टॉल में किसानों को स्प्रेयर, मक्का बीज तथा उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में धनिया बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम श्री गिरिश रामटेके, डीएसपी नक्सल ऑपरेशन श्री अजीत ओगरे, जनपद सीईओ सुश्री दिव्या ठाकुर, तहसीलदार श्री मुकेश ठाकुर, नायब तहसीलदार श्री विजय साहू, मनरेगा के श्री फैज मेनन सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।









































