राजनांदगांव जिले में बच्चों ने लगवाई एचपीवी वैक्सीन…

  • बच्चों में वैक्सीन के प्रति उत्साह, केन्द्र एवं राज्य शासन को दिया धन्यवाद
  • कलेक्टर ने टीकाकृत बच्चों को सर्टिफिकेट देकर किया सम्मानित
  • महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए महत्वपूर्ण है एचपीवी वैक्सीन- कलेक्टर
  • राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया गया शुभारंभ
    राजनांदगांव 16 मार्च 2026। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पात्र किशोरियों ने उत्साहपूर्वक एचपीवी वैक्सीन लगवाई। टीकाकरण के बाद बच्चों ने खुशी जाहिर करते हुए केन्द्र एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

  • कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जो स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे आने वाली पीढिय़ों को गंभीर बीमारियों से बचाव में मदद मिलेगी।
  • एचपीवी टीकाकरण महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सभी किशोरियां पात्र होंगी, जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, किंतु अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में एचपीवी टीकाकरण नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा। अभिभावक अपनी पात्र किशोरियों का पंजीकरण युवीन पोर्टल के माध्यम से करा सकते हैं।

  • कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने बच्चों से कहा कि वे अपने स्कूल एवं आसपास के साथियों को भी एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है और सभी को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपने मित्रों और परिवार के लोगों को भी इसके बारे में जानकारी देने की अपील की, जिससे समाज में जागरूकता तेजी से बढ़ सके।
  • कलेक्टर ने टीकाकृत बच्चों से बातचीत कर उनसे एचपीवी वैक्सीन के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें इस टीके के बारे में उनके माता-पिता, स्कूल तथा समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी मिली। बच्चों ने यह भी बताया कि एचपीवी वैक्सीन से भविष्य में गंभीर बीमारियों की संभावना काफी कम हो जाती है। कलेक्टर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह वैक्सीन स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन, सिविल सर्जन, जिला टीकाकरण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित थे।