राजनांदगांव जीवनदान सेवा संस्था ने की अनोखी पहल “एक पेड़ अपनी बेटी और परिवार के नाम” निःशुल्क पौधा वितरण…

राजनांदगांव । शहर के महावीर चौक में जीवनदान सेवा संस्था ने अनोखी पहल की है। ‘एक पेड़ अपनी बेटी और अपने परिवार के नाम’ अभियान के तहत निःशुल्क पौधा वितरण किया गया। संस्था का मानना है कि जैसे पौधा जीवन को संवारता है, वैसे ही बेटियां समाज को दिशा देती हैं।

राजनांदगांव में महावीर चौक पर जीवनदान सेवा संस्था द्वारा विशेष पहल की गई। ‘एक पेड़ अपनी बेटी और अपने परिवार के नाम’ अभियान के तहत पारिजात, बेलपत्र, आंवला, गुलमोहर और कदम जैसे विभिन्न पौधों का वितरण किया गया।

संस्था के अध्यक्ष महेंद्र लाल जँघेल ने कहा कि यह पहल केवल हरियाली के लिए ही नहीं बल्कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए भी है। उन्होंने कहा कि समाज में बेटियों के साथ हो रहे अत्याचार और अनाचार पर रोक लगाने के लिए यह एक प्रतीकात्मक प्रयास है।

कार्यक्रम में हरियर छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत निःशुल्क पौधा वितरण किया गया। साथ ही बेटी की सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देने के लिए सेल्फी जोन भी बनाया गया, जहां लोग पौधों के साथ तस्वीर खिंचवाकर अभियान का हिस्सा बने।

इस पहल को नागरिकों ने भी खूब सराहा और बड़ी संख्या में पौधों का वितरण किया गया।

जीवनदान सेवा संस्था की यह पहल न केवल हरियाली बढ़ाने का संकल्प है, बल्कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का भी संदेश देती है।