
राजनांदगांव। रेल्वे पटरी के सुधार कार्य के लिए दीगर जिले से आये मजदूर की डबरी में डूब जाने से मौत हो गयी। एक अन्य साथी भी इसी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया उसे इलाज हेतु मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी संजय बरेठ ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 दिसंबर को दोपहर में रेल्वे पटरी पर काम करने बालाघाट से यहां आये एक मजदूर की डबरी में डूब जाने से मौत हो गयी। मंगलवार को जितेन्द्र खरे अपने एक साथी के साथ रेल्वे पटरी, नवागांव के किनारे पटरी पर शौच के लिए गया था।
डबरी में मछली देखकर वह तथा उसका साथी मछली पकड़ने का प्रयास करने लगे। इसी प्रयास में जितेन्द्र खरे पिता राधेलाल खरे (21) निवासी ग्राम ठेलवा थाना कटंगी जिला बालाघाट की गहरायी में जाने से मौत हो गयी। उसका साथी ले देकर बाहर निकला, किन्तु हालत गंभीर होने से उसे इलाज हेतु भर्ती कराया गया। आज तबियत में सुधार होने के बाद मृतक के साथी ने बयान दिया कि शौच के बाद मछली पकड़ने के प्रयास में उक्त हादसा हो गया।









































