राजनांदगांव: डिजिटल अरेस्ट और फर्जी शेयर ट्रेडिंग के दो बड़े साइबर फ्रॉड का खुलासा, 2 करोड़ की ठगी ,4 आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव जिले की साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट और फर्जी शेयर ट्रेडिंग से जुड़े दो बड़े साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश किया है। दोनों मामलों में कुल 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के गुरुग्राम, तथा मध्यप्रदेश के सिहोर और इंदौर से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, एटीएम, चेकबुक, आधार, पैन कार्ड तथा 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

Advertisements
  1. बुजुर्ग महिला से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 79.69 लाख की ठगी

थाना कोतवाली क्षेत्र में 79 वर्षीय महिला को साइबर ठगों ने एयरटेल कर्मचारी, सीबीआई अधिकारी और बाद में फर्जी ‘जज’ बनकर संपर्क किया। वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट का झांसा दिया गया। भयभीत महिला ने ठगों के बताए ए​काउंट में 79,69,047 रुपये ट्रांसफर कर दिए। साइबर सेल ने तकनीकी जांच के आधार पर ठगी की रकम में से 20 लाख रुपये जिस बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे, उसकी जांच की और गुरुग्राम से आरोपी राधेश्याम (20 वर्ष) को گرفتار किया। आरोपी ठगी की राशि को विभिन्न बैंक खातों से निकालकर 2% कमीशन पर गिरोह तक पहुंचाता था।

  1. युवा व्यापारी से फर्जी ट्रेडिंग साइट के जरिए 1.21 करोड़ की ठगी

दूसरे मामले में साइबर ठगों ने राजनांदगांव के एक युवा व्यापारी को फर्जी ट्रेडिंग एक्सपर्ट बनकर रुपये दोगुना करने का झांसा दिया।
व्हाट्सऐप के जरिए भेजी गई फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर निवेश कराकर शुरू में 15 हजार का छोटा मुनाफा दिखाया, जिससे व्यापारी भरोसे में आ गया। इसके बाद निवेश बढ़ाने के नाम पर कुल 1,21,53,590 रुपये विभिन्न खातों में जमा करवाए गए। जब व्यापारी ने पैसे निकालने चाहे तो ठगों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया, तब ठगी का एहसास हुआ।

जांच में सामने आया कि बंधन बैंक के जिस खाते में 9 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे, वह खाते को कमीशन पर बेचने वाले गिरोह का था।
इस मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए—

धीरज सिंह (34 वर्ष), सिहोर (MP) – 1.30 लाख कमीशन लेकर बैंक खाता ठगों को बेचा

अरविंद ठाकुर (30 वर्ष), आष्टा (MP) – 2% कमीशन लेकर खाते उपलब्ध कराता था

डिंपल सिंह यादव (22 वर्ष), झज्जर (हरियाणा) – साइबर सिक्योरिटी का बीटेक छात्र, 2.8% कमीशन लेता था और रकम क्रिप्टो (USDT) में प्राप्त करता था