राजनांदगांव : डोंगरगढ़ गातापार कला में फूड प्वाइजनिंग से 77 बच्चे बीमार : सप्ताहिक बाजार घूमने गए थे बच्चे…

राजनांदगांव – डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम गातापार कला में उस समय हड़कंप मच गया , जब एक के बाद एक लगभग 70 से ज्यादा बच्चों को उल्टी दस्त की शिकायत शुरू हो गई। जिसके बाद उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया जहां से उन्हें देर रात राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

राजनांदगांव जिले के ग्राम गातापार कला में मंगलवार को सप्ताहिक बाजार था। जहां गांव के बच्चे भी बाजार घूमने गए हुए थे और बाजार में बच्चों ने पानीपुरी और भेल खाया था कुछ देर बाद से बच्चों को उल्टी दस्त की शिकायत शुरू हो गई। जिसकी खबर लगते ही पूरा प्रशासनिक अमला हड़बड़ा गया। देर रात सभी बच्चों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए बच्चों का इलाज करने वाले डॉक्टर धनंजय ठाकुर ने कहा कि बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर है वही बच्चों में एक जैसे लक्षण है, जिससे यह माना जा सकता है कि बच्चों ने किसी एक जगह से ही कुछ खाया होगा जिससे उनकी तबीयत खराब हुई है।

बच्चों में फूड प्वाइजनिंग के बाद गांव में निरीक्षण के लिए टीम भेजी गई है, जिसमें खाद्य पदार्थ सहित पेयजल व्यवस्था और अन्य बंदोबस्त की जांच की जा रही है। लगभग 70 बच्चों के बीमार होने से यही माना जा रहा है कि साप्ताहिक बाजार में  गुपचुप व भेल खाने से ही बच्चे फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए हैं, बहरहाल प्रशासनिक टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है, वही सभी बच्चों का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है।


एक साथ बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलने पर कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा सहित राजनांदगांव जिले के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ मिथिलेश चौधरी भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और सभी बच्चों से मिलकर प्रत्यक्ष उनका हाल जाना और इलाज  को लेकर चिकित्सकों से चर्चा की। इस दौरान मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ मिथिलेश चौधरी ने कहा कि सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही सभी बच्चे स्वस्थ हो जाएंगे।