
डोंगरगढ़। थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 वर्षीय बच्चे के अपहरण का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के सालेकसा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2025 को प्रार्थी घनश्याम लहरे (उम्र 35 वर्ष, निवासी कचहरी चौक वार्ड नं. 22, सतनामी पारा, डोंगरगढ़) का 10 वर्षीय पुत्र घर के सामने खेल रहा था। उसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम (1) तरीकत शाह पिता जंकीम शाह (उम्र 33 वर्ष) एवं (2) दिलदार शाह पिता लाल शाह (उम्र 35 वर्ष), दोनों निवासी बाबाटोली, आमगांव खुर्द, थाना सालेकसा, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) बताया।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 518/2025, धारा 137(2), 139(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया।









































