
– दुकानदारों एवं नागरिकों से पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा कपड़े या कागज के थैलों का उपयोग करने की अपील
राजनांदगांव 11 मार्च 2026। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा माँ बम्लेश्वरी मंदिर परिसर क्षेत्र एवं मुख्य मार्ग के आसपास की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़, नायब तहसीलदार डोंगरगढ़ उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान 12 दुकानों में प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग करते हुए पाया गया।
दुकानदारों के विरूद्ध न्यूनतम जुर्माने की कार्रवाई करते हुए कुल 2500 रूपए अर्थदण्ड वसूला गया तथा लगभग 10 किलोग्राम पॉलीथिन जप्त की गई। दुकानदारों को दुकान पर पॉलीथिन का उपयोग, बिक्री एवं भंडारण नहीं करने के सख्त निर्देश दिए गए तथा पॉलीथिन का उपयोग करने पाए जाने पर भारी अर्थदण्ड के साथ कड़ी कार्रवाई करने की हिदायत दी गई। इस दौरान दुकानदारों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ नगर के लिए पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा कपड़े या कागज के थैलों का उपयोग करने की अपील की गई।










































