
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी शराब और एक एक्टिवा वाहन जप्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति एक्टिवा वाहन में अवैध रूप से देशी शराब लेकर डोंगरगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम अछोली नाला पुलिया के पास नाकाबंदी कर संदेही को रोका।
जांच के दौरान आरोपी राधेश्याम निषाद (36 वर्ष), निवासी बुधवारीपारा वार्ड क्रमांक 14 डोंगरगढ़ के कब्जे से 50 पौवा देशी शराब (कुल 9 बल्क लीटर) एवं एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 08 U 2615 बरामद किया गया। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 24,500 रुपए बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में प्रशिक्षु डीएसपी सुमन जायसवाल के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।









































