
राजनांदगांव,डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मोहारा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान मनरेगा से महात्मा गांधी जी का नाम हटाने के विरोध में सांकेतिक चक्काजाम भी किया गया। इस सांकेतिक चक्काजाम के माध्यम से उपस्थित जनों ने गांधी जी के विचारों, उनके योगदान और ग्रामीण रोजगार से जुड़ी योजनाओं में उनके नाम के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं और कार्यक्रम में सम्मिलित होकर गांधी जी के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का नाम और उनके सिद्धांत देश के लिए प्रेरणा हैं और उन्हें किसी भी योजना या व्यवस्था से अलग नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।









































