
राजनांदगांव,डोंगरगढ़। आज डोंगरगढ़ शहर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गांधी चौक के पास स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मनरेगा से महात्मा गांधी जी का नाम हटाने के विरोध में सांकेतिक चक्काजाम भी किया गया।
कार्यक्रम में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल विशेष रूप से सम्मिलित हुईं। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी का नाम ग्रामीण रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं से अलग करना उनके आदर्शों के साथ अन्याय है।
सांकेतिक चक्काजाम शांतिपूर्ण ढंग से किया गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने गांधी जी के सिद्धांतों पर चलने और उनके नाम व विरासत की रक्षा करने का संकल्प लिया।









































