राजनांदगांव: त्रिवेणी परिसर के पास चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी त्रिवेणी परिसर के पास हाथ में धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


इसी क्रम में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में दिनांक 07 फरवरी 2026 को मोबाइल सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक त्रिवेणी परिसर के पास सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन यादव, पिता स्व. प्रकाश यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी ब्राम्हणपारा, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू जप्त किया गया।


पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 60/2026, धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, दीपक जायसवाल एवं आरक्षक अतहर अली की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ऐसी कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।