
राजनांदगांव, । खैरागढ़ – छुईखदान – गंडई जिले के घाघरा पुलिस कैंप में एक दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है । शनिवार रविवार की दरम्यानी रात एक पुलिस जवान ने अपने ही साथी जवान की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी जब वह गहरी नींद में था। यह घटना कवर्धा स्थित 17 वीं बटालियन कंपनी में पदस्थ जवानों के बीच का मामला है ।

दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। गातापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत घाघरा पुलिस कैंप में घटित हत्या के मामले ने पुलिस विभाग की नींद उड़ा दी है। शनिवार – रविवार की दरम्यानी रात छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स ( सीएएफ) के एक जवान सोनबीर जाट की हत्या उसी के साथी अरविंद गौतम ने अपनी पिस्तौल से गोली मारकर कर दी ।
हत्या की घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब सोनबीर जाट गहरी नींद में था । जवान की मौके पर ही मौत हो गई । मृतक और आरोपी जवान दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे । 17 वीं बटालियन में साथ काम करने वाले जवानों में आपस में अच्छा दोस्ताना था ।
फिर ऐसी वारदात क्यों की गई ? बताया जाता है कि कुछ दिनपूर्व साथ छुट्टी पर जाने कीबात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था । इसी बात पर मृतक जवान ने आरोपी जवान को थप्पड़ मार दिया था । इसी थप्पड़ का बदला जवान द्वारा हत्या को अंजाम देकर लिया गया !









































