राजनांदगांव 19 मई 2021। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज दिग्विजय स्टेडियम स्थित डिस्ट्रिक वार रूम में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा बैठक में कहा कि लॉकडाउन में छूट देने के बाद दुकानों में भीड़ अधिक हो रही है, इन स्थानों पर कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन होना चाहिए।

अधिकारी इन दुकानों पर प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित कराने लगातार कार्रवाई करें। दुकानदारों और वहां काम करने वालों के साथ-साथ समान लेने वाले मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। दुकानों में बिना मास्क के पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करें। दुकानों, फल, सब्जी बाजार में भीड़ अधिक होती है, इन स्थानों सैम्पलिंग लेकर जांच करें।
उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के लिए अधिक से अधिक पंजीयन कराएं। वैक्सीन लगने से कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है। प्रतिदिन जितने सैम्पल लिए जा रहे है उनकी एण्ट्री भी होनी चाहिए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण मरीजों की दर में कमी आई है। इसके साथ ही मृत्यु दर को भी रोकना है। इसके लिए कोरोना के लक्षण आने पर समय पर जांच कराएं। जिससे कोरोना का उपचार शीघ्र प्रारंभ किया जा सकें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कविलाश टंडन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम मुकेश रावटे, डिप्टी कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, राहुल रजक, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल कुमरे, डीपीएम श्री गिरीश कुर्रे, ई-जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा, शासकीय मेडिकल कालेज से अविन चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।










































