
राजनांदगांव । प्रदेश में नवगठित भाजपा सरकार अपने घोषणा पत्र के वायदों को अमल में लाने में जुट गई है। इसी कड़ी में सरकार, अपने पूर्व के कार्यकाल के दो साल का बकाया बोनस कल 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर किसानों के खाते में हस्तांतरित करेगी। अविभाजित राजनांदगांव जिले के दो लाख 65 हजार किसानों के खाते में 354 करोड़ रूपए जमा होंगे। शादी सीजन में राशि मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठेंगे। बाजार भी गुलजार होगा।
विदित हो कि अपने पूर्ववर्ती कार्यकाल में भाजपा सरकार ने दो साल का बकाया बोनस देने वायदा किया था किंतु वह बोनस नहीं दे पायी जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा था। उससे सबक लेते हुए पार्टी ने इस बार के चुनावी घोषणा पत्र में दो साल का बकाया बोनस तीन सौ रूपये प्रति क्विंटल की दर से देने का वायदा किया था। इस वायदे के आधार पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल कर सरकार बनाई। अब पार्टी सत्ता में आने पर अपने घोषणा पत्र का क्रियान्वयन करने में जुट गई है।
आज 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजपेई की जयंती जिसे भाजपा सुशासन दिवस के रूप में मनाती है, इस दिन वह किसानों के खाते में दो साल 2014- 15 और 2015-16 का बोनस उनके खाते में जमा करेगी। अविभाजित राजनांदगांव जिले के दो लाख 64 हजार 948 किसानों के खाते में 354 करोड़ रूपये जमा होंगे। जनवरी के तीसरे हफ्ते में खरमास समाप्त होने के बाद शादी के कई श्रेष्ठ मुहुर्त हैं।
वैवाहिक सीजन में खाते में बोनस के रूप में राशि जमा होने से किसानों को शादी की तैयारी करने में मदद मिलेगी। इसका असर बाजार पर भी पड़ेगा। कपड़े, टीवी, वाशिंग मशीन, मोटर साईकिल, बर्तन, गहनों की बिक्री में उछाल देखने को मिलेगा। बिक्री बढ़ने से दुकानदारों और शोरूम संचालकों की आय में वृद्धि होंगी।









































