राजनांदगांव: दो साल से फरार बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद…

राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने दो वर्ष से फरार चल रहे मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 AT 7152, कीमत 30,000 रुपये) बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी समीर खान पिता बाबर खान, उम्र 35 वर्ष, निवासी मिलचाल, राम मंदिर के पास, राजनांदगांव बताया गया है।

Advertisements

दिनांक 14 नवंबर 2023 को प्रार्थी विवेक वर्मा निवासी तुलसीपुर बख्तावर चाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 नवंबर 2023 की रात जेल रोड स्थित पान ठेला के पास से आरोपी समीर खान उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 891/23, धारा 379 भादवि का मामला दर्ज किया गया।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए खोजी दल गठित किया गया था।

लगातार पतासाजी के दौरान मुखबिर की सूचना पर 19 नवंबर 2025 को पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी से बाइक बरामद करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर 20 नवंबर 2025 को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।आरोपी पिछले दो साल से फरार था, जिसे मोटरसाइकिल सहित पकड़ने में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।