
राजनांदगांव 24 फरवरी। नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष समाप्ति को ध्यान में रखते हुये राजस्व वसूली में कड़ाई बरती जा रही है। घर घर जाकर बकाया करों की वसूली की जा रही है। वसूली के दौरान लम्बे समय से जलकर का भुगतान नहीं करने वाले करदाताओं का नल विच्छेदन किया जा रहा है। इसी कडी में आज मोहारा, मोहड व सिंगदई में 12 नल विच्छेदन की कार्यवाही की गयी, साथ ही बड़े बकायादारों को अंतिम नोटिस दी जा रही है, करों का भुगतान नही करने की स्थिति मेें बकायादारों का नाम सार्वजनिक कर नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्यवाही की जायेगी। इसी प्रकार दुकानो के लंबे बकाया पर दुकाने सील की जा रही है।

वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिये महापौर श्री मधुसूदन यादव एवं निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे है तथा बडे बकायादारो को अपने बकाया करो का भुगतान करने समझाईस दे रहे है। गत दिनो महापौर द्वारा बकायादारो को बुलाकर दुकान का प्रीमियम एवं किराया जमा करने समझाईस भी दी गयी थी। राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी के नेतृत्व में राजस्व अमला सम्पतिकर,जलकर,समेकित कर व दुकान किराया की वसूली घर घर जा कर रहे है और बड़े बकायादारों को अंतिम नोटिस भी दिया जा रहा है। नोटिस उपरांत करों का भुगतान नहीं करने पर बकायादारो का नाम सार्वजनिक किया जायेगा।
राजस्व अधिकारी श्री तिवारी ने जानकारी दी कि लंबे समय से निगम जलकर का भुगतान नही करने पर वार्ड नं. 47 मोहारा में 1, वार्ड नं. 49 मोहड में 6 व वार्ड नं. 50 सिंगदई में 5 कुल 12 नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाही की गयी। इसी प्रकार दुकानदारों द्वारा प्रीमियम एवं लम्बे समय से दुकान किराया का भुगतान नहीं करने पर दुकाने सील की जा रही है। उन्होंने बताया कि नागरिकों द्वारा करो का भुगतान करने पर होने वाले राजस्व आय से कर्मचारियों का वेतन भुगतान सहित नगर विकास किया जाता है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने निगम सीमाक्षेत्रान्तर्गत निवासरत भवन एवं भूमि स्वामियों तथा निगम स्वामित्व के दुकानों के किराएदारों से अपने स्वामित्व की भवन व भूमियों के संपत्तिकर,समेकितकर एवं जलकर की सम्पूर्ण बकाया राशि तथा निगम स्वामित्व की दुकानों का सम्पूर्ण बकाया किराया का भुगतान निगम कार्यालय में अनिवार्यतः जमा कर रसीद प्राप्त कर नगर विकास में सहयोगी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि करदाताओ की सुविधा के लिए अवकाश के दिनों में भी राजस्व कार्यालय खुली रखी गयी है।










































