
राजनांदगांव। डोंगरगांव को नगर पंचायत से उन्नत कर नगर पालिका बनाए जाने की घोषणा से पूरे नगर में हर्ष का माहौल है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी अधिसूचना के साथ ही डोंगरगांव को नगर पालिका का दर्जा मिल गया है, जिसे नगर के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

नगर पालिका बनने की सूचना मिलते ही नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्षों से नगर पालिका बनाए जाने की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे डोंगरगांव के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका बनने से डोंगरगांव को एक नई पहचान मिलेगी और विकास के नए रास्ते खुलेंगे। नगर पालिका का दर्जा मिलने से डोंगरगांव अब एक संगठित नगरीय निकाय के रूप में आगे बढ़ेगा। इससे नगर में मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य शहरी सेवाओं के विकास को नई गति मिलेगी।
नगरवासियों ने इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि डोंगरगांव नगर पालिका बनने के साथ ही अब क्षेत्र में सुव्यवस्थित विकास, बेहतर प्रशासन और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद और भी मजबूत हुई है। यह निर्णय डोंगरगांव के लिए प्रगति, सम्मान और विकास का प्रतीक है।









































