राजनांदगांव : निगम के 3 कर्मचारी सेवानिवृत्त, आयुक्त की उपस्थिति में दी गई भावभीनी बिदाई…

राजनंादगांव 09 अक्टूबर। नगर निगम में अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले 3 कर्मचारी क्रमशः राजस्व उपनिरीक्षक श्री गणितराम ठाकुर व श्री ईश्वर माटे तथा पेंशन लिपिक श्री तिजऊराम को निगम सभागृह में आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बिदाई समारोह में भावभीनी बिदाई दी गयी। कार्यक्रम में आयुक्त सहित कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खांडे एवं राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को माला पहनाकर, शाल, श्रीफल से सम्मानित किया तथा अवकाश नगदी करण का चेक दिया।


बिदाई समारोह में आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने तीनों कर्मचारियों को निर्बाध रूप से सेवाकाल पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि, आप लोगो ने लगभग 30 से 35 वर्ष तक कुशलता पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होने कर्मचारियों से कहा कि, नगर निगम जनता से जुड़ी संस्था है, जिसमें काम करने में कठिनाई भी आती है। लेकिन परिस्थिति कुछ भी हो हमारा कर्तव्य हमारी पहली प्राथमिकता है। नगर निगम अन्य विभागों की तुलना में सीखने एवं काम करने का अच्छा स्थल है, क्योकि यहॉ जल, विद्युत, राजस्व, लोककर्म, स्वास्थ्य जैसे सभी विभाग में काम करने का मौका मिलता है।

उन्होने कहा कि, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अच्छाईयों को सीखे कि, उन्होने कितने समर्पित भाव से निष्ठा पूर्वक कार्य किया। क्योंकि अच्छा काम करके सेवानिवृत्त होना बहुत अच्छी बात है, जिसे हम सबको सीखना है। उन्होने कहा कि, कर्मचारियों के पेंशन एवं अन्य प्रकरणों का जल्द निराकरण करना है। उन्होने श्री गणितराम, श्री ईश्वर माटे एवं श्री तिजऊराम से अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करने शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


सेवानिवृत्त तीनों कर्मचारियों ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि, नगर निगम में लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला पूर्व में निगमों में उतनी सुविधाएं नही मिलती थी, फिर भी हम लोगो ने निष्ठा से काम किया। उन्होने कहा कि, अच्छा काम करोगें तो हमेशा सफलता मिलेगी। राजस्व के सभी भाईयों को अच्छी वसूली के लिए शुभकामनाऐं देते है।

कार्यपालन अभियंता श्री खांडे एवं राजस्व अधिकारी श्री तिवारी ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपनी अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर ये कर्मचारी आज शासन नियमों के तहत सेवानिवृत्त हो रहे है। हम सबको भी एक दिन इसी दौर से गुजरना है। लंबे समय तक बेदाग सेवा देना हम सबके लिए सीख है। बिदाई समारोह का संचालन व आभार प्रदर्शन प्र.कार्यालय अधीक्षक श्री नारायण यादव ने किया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिाकरी कर्मचारी उपस्थित थे।