राजनांदगांव : निजी मकान में प्रार्थना सभा, सीएसपी ने ली शांति समिति की बैठक…

राजनांदगांव। थाना कोतवाली क्षेत्र के लखोली और नेहरू नगर इलाके में कुछ ईसाई धर्म के अनुयायियों द्वारा अधिकृत धर्मस्थल (चर्च) के बजाय निजी मकान में प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन ने इस पर संज्ञान लेते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित की।

मिली जानकारी के अनुसार, निजी मकान में आयोजित सभा के दौरान लोगों को चंगा करने और धर्म प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियां की जा रही थीं। जांच में पाया गया कि इस प्रकार की धार्मिक गतिविधियों के लिए न तो कोई मास्टर ऑर्डिनेंस और न ही वैधानिक अनुमति प्राप्त थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निजी आवासीय भवन में धार्मिक आयोजन करना विधिक प्रावधानों का उल्लंघन है।

पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में 25 अगस्त को नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक ने अनुयायियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की और कहा कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।