
राजनांदगांव। नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एफआईआर खारिज होने के बाद कांग्रेस ने इसे सत्य की जीत बताते हुए केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इसी के विरोध में आज राजनांदगांव में जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय घेराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा।

नेशनल हाईवे स्थित जिला भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान करीब 500 कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक बदले की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।
पुलिस-प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई कार्रवाई के तहत घेराव कार्यक्रम के दौरान कुल 258 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति नियंत्रित एवं शांतिपूर्ण बनी रही।कार्यक्रम में जिला, शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मोर्चा संगठनों के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे। कांग्रेस नेतृत्व ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।









































