राजनांदगांव: न्यूड फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चिचोला पुलिस की त्वरित कार्रवाई…

राजनांदगांव।सोशल मीडिया पर महिला के न्यूड फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में चिचोला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी व्हाट्सएप और इंटरनेट के माध्यम से पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो पोस्ट कर रहा था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने पुलिस चौकी चिचोला, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उसके न्यूड फोटो एवं वीडियो व्हाट्सएप व इंटरनेट के माध्यम से भेजकर वायरल कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

Advertisements


पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री आशीष कुंजाम के निर्देशन में चौकी प्रभारी चिचोला योगेश पटेल एवं पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच में आरोपी जनक लाल साहू पिता रामप्रसाद साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोलिहापुरी, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव का होना पाया गया।


पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पोको मोबाइल फोन एवं दो सिम कार्ड विधिवत जप्त किए गए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय डोंगरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।